अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ह्यूमन वेलफेयर ट्रस्ट एवं जनसेवा वाहिनी ने संयुक्त रूप से सरकारी स्कूल इस्माईल पुर के परिसर में 250 पौधे लगाए। इससे पहले विचार गोष्ठी एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। नगर निगम के बागवानी शाखा की ओर से पौधे उपलब्ध करवाए गए।
समाजसेवी बाबा रामकेवल अनशनकारी एवं जजपा नेता उमेश भाटी ने कहा कि सभी को अपने जन्मदिन, विवाह की वर्षगांठ आदि अवसरों पर पौधे लगाने और उन्हें बड़ा करने तक ध्यान रखने का संकल्प लेने की आवश्यकता है। वहीं, वार्ड के जेई योगिंद्र अधाना ने जन्म से लेकर मृत्यु पर्यन्त पेड़ों ( लकड़ी ) की उपयोगिता बताई। नगर निगम वार्ड नंबर 25 के अंतर्गत इस्माईल पुर के सरकारी स्कूल में जनसेवा वाहिनी एवं ह्यूमन वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा आयोजित संयुक्त मेगा प्लांटेशन ड्राइव के अंतर्गत 250 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में पहुंचे भारतीय मजदूर संघ फरीदाबाद के जिला मंत्री नीरज त्यागी ने बताया कि घरों और सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने चाहिए। प्राथमिक विद्यालय के इंचार्ज देशवाल और प्रवीण चौहान ने पूरे मनोयोग से बच्चों के साथ इस अभियान को सफल बनाने का बीड़ा उठाया था। इस अवसर पर बांके बिहारी गुप्ता, दिवाकर मिश्रा, हरिओम गुप्ता, गिरी, सुभाष, उमाशंकर मिश्रा, दिव्या कुमारी आदि गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।