पटौदी। पटौदी के पूर्व विधायक सत्यप्रकाश जरावता ने कहा कि हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। इसके चलते राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। यह बातें उन्होंने पटौदी स्थित कार्यालय पर वर्ल्ड कूडो कप 2025 में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करते समय कहीं। उन्होंने बताया कि जुलाई माह में बुल्गारिया में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 30 देशों के 500 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। भारत की ओर से हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों ने सराहनीय प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि कोच सुभाष के मार्गदर्शन में पटौदी विधानसभा क्षेत्र की अंशु कुमारी ने कांस्य पदक, देविका चौधरी व हिमानी ने पांचवीं रैंक और प्रियंका ने छठी रैंक प्राप्त की। वहीं, भारत के खिलाड़ी सोहेल खान ने सिल्वर मेडल जीतकर देश का नाम गौरवान्वित किया। संवाद