फरीदाबाद। पीजी पाठ्यक्रम में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। एमडीयू से संबंधित सभी कॉलेजों के पीजी पाठ्यक्रम में 10 प्रतिशत सीटों में इजाफा कर दिया गया है। इसकी सूचना कॉलेज के प्राचार्यों को पत्र के माध्यम से दे दी गई है। मालूम हो कि जिले के कॉलेजों में छात्रों की संख्या की तुलना में पीजी व यूजी कोर्स की सीटों की संख्या कम है, जिससे विद्यार्थियों को दाखिले के लिए दिल्ली और दूसरे जिलों में जाना पड़ता है। जिले के लगभग सभी कॉलेजों में करीब 1500 सीटें हैं, जो शहर के विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त नहीं है। इसे ध्यान में रखते हुए 150 सीटें और बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में एमडीयू की ओर से डायरेक्टर जनरल हायर एजुकेशन को जानकारी भेज दी है। बताया जा रहा है पोर्टल पर सीट की जानकारी अपलोड होते ही दाखिला शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही दाखिले की अंतिम तारीख भी बढ़ा दी जाएगी। डीएवी कॉलेज के कंप्यूटर लैब के प्रभारी प्रमोद कुमार का कहना है कि निजी कॉलेजों में दाखिले की अंतिम तारीख 30 नवंबर है।