फोटो 12 में है।
कैप्शन: सरल केंद्र मेंं अपने कार्य कराने के लिए उमड़ी भीड़ का दृश्य
शुक्रवार को भी नहीं हो सके जमीन जायदाद संबंधित कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र में सर्वर डाउन होने के कारण शुक्रवार को भी जमीन जायदाद संबंधित कार्य नहीं हो सके। इस कारण सैकड़ों उपभोक्ताओं को लौटने को मजबूर होना पड़ा। शुक्रवार को भी सर्वर डाउन रहा। शनिवार व रविवार को अवकाश होने के कारण उपभोक्ताओं के रजिस्ट्री संबंधित कार्य आगामी सोमवार तक टल गए हैं। पिछले तीन दिनों से सर्वर डाउन होने के कारण जमीन जायदाद संबंधित कार्य अटके होने के कारण सैकड़ों उपभोक्ता परेशान हैं।
शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित तहसील कार्यालय और सरल केंद्र में सैकड़ों की संख्या में महिला पुरुष उपभोक्ता अपने कार्य कराने के लिए पहुंच गए, लेकिन जब उन्होंने विभागीय कर्मचारियों से सर्वर डाउन होने की बात सुनी तो एक बार अफरातफरी का माहौल बन गया और उपभोक्ता कार्यालय में तैनात कर्मचारियों से पूछताछ करने लगे। बता दें कि तहसील कार्यालय के जमीनी रजिस्ट्री, जमाबंदी, इंतकाल सहित अन्य जमीन जायदाद संबंधित सभी कार्य ऑनलाइन किए जाते हैं, लेकिन बुधवार से ही सर्वर डाउन होने की समस्या के चलते उक्त कार्य लटके पड़े हैं। क्षेत्र के अलावा दूरदराज से पहुंचे महिला पुरुष उपभोक्ता तीन दिनों से बैरंग लौटने को मजबूर हैं। बताया जाता है कि सर्वर डाउन होने या रुक-रुककर काम होने के कारण सरल केंद्र में भी सैकड़ों उपभोक्ताओं की भीड़ एकत्रित हो गई। इस कारण कार्यालय में अफरातफरी का माहौल बन गया। बाद में विभागीय अधिकारियों द्वारा समझाने के बाद ही उपभोक्ताओं का गुस्सा शांत हो सका।
00
पार्क में बैठकर करते रहे इंतजार
पिछले तीन दिनों से रजिस्ट्री व अन्य कार्य नहीं होने के कारण सैकड़ों महिला पुरुष उपभोक्ता शुक्रवार को भी सुबह से ही तहसील कार्यालय में पहुंच गए, लेकिन सर्वर डाउन होने की समस्या के चलते पार्क आदि में बैठकर इंतजार करते नजर आए। शहर के अलावा दिल्ली, फरीदाबाद, पलवल व अन्य जगहों से तहसील कार्यालय पहुंचे उपभोक्ताओं का कहना था कि वह पिछले दो दिनों से जमीन जायदाद संबंधित कार्य कराने के लिए आते हैं, लेकिन रोजाना सर्वर डाउन होने की बात सुनकर लौट जाते हैं। जैसे ही विभागीय कर्मचारी दस्तावेजों को कम्पयूटर में फीड करने की प्रक्रिया शुरू करते हैं तो सर्वर डाउन हो जाता है। इस कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं ने विभागीय अधिकारियों से भी इस मामले में मुलाकात की, लेकिन अधिकारियों द्वारा भी यही समस्या बताकर उन्हें चलता कर दिया गया।
-
तहसील कार्यालय स्थित सरल केंद्र में सर्वर डाउन होने की समस्या बनी हुई है। उन्होंने उपभोक्ताओं की समस्या को देखते हुए कई अन्य कर्मचारियों को भी इस कार्य में जिम्मेदारी निभाने को कहा है। सर्वर डाउन होने की समस्या दूर होते ही सभी उपभोक्ताओं के जमीन जायदाद सम्बंधित कार्य पूरे करा दिए जाएंगे।
- रणवीर सिंह लोहान, एसडीएम