-टूटी सड़कों के पैचवर्क नहीं होने से लोगों को हो रही परेशानी
फोटो-3
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर की टूटी सड़कों से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही हैं। इसे लेकर अब लोग उपायुक्त को भी शिकायत करने लगे हैं। ऐसे में उपायुक्त ने नगर निगम को पत्र लिखकर सड़कों को ठीक कराने को कहा।
स्थानीय निवासी शशांक मदान ने उपायुक्त को भेजी शिकायत में बताया कि नाहर सिंह स्टेडियम रोड, हार्डवेयर चौक, चिमनी बाई धर्मशाला रोड, डीसीपी कार्यालय तिकोना पार्क, सेक्टर 15 ईपीएफओ व सैनिक कॉलोनी समेत अन्य सड़कें टूटी हुई हैं। उनका कहना हैं कि टूटी सड़कों से वाहन चालकों के साथ लोगों को परेशानी हो रही है। धूल से वायु प्रदूषण बढ़ने की संभावना भी बढ़ जाती है। ऐसे में सड़कों को ठीक कराया जाए।
शिकायत पर उपायुक्त ने नगर निगम को टूटी सड़कों को ठीक कराने को कहा है। नगर निगम के एसई ओमबीर सिंह ने बताया कि संबंधित कार्यकारी अभियंताओं को इसे लेकर कदम उठाने को कहा गया है। बता दें कि बारिश के कारण शहर की कई सड़कें खस्ताहाल हो गई हैं। सड़कों पर गड्ढे होने से वाहनों चालकों को परेशानी हो रही है। वहीं रात के समय दुर्घटना का खतरा रहता है।
लोगों से बातचीत
शहर की कई सड़कें टूटी हुई है और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। सड़कों पर पैचवर्क भी नहीं कराया गया है। इससे हादसे की संभावना बनी रहती है। चिमनी बाई धर्मशाला चौक पर जर्जर सड़क के कारण अक्सर हादसे होते हैं। -बीआर चौधरी, एनआईटी
नगर निगम और एफएमडीए ने अपनी सड़कों का मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया है। ऐसे में बारिश में टूटी सड़कों से लोग परेशान है। कई बार गड्ढों में बाइक सवार गिरकर चोटिल हो जाते हैं। इसे लेकर जल्द कदम उठाने की जरूरत है। -भारत अग्रवाल, सेक्टर 21