ओल्ड और ग्रेटर फरीदाबाद के लोगों को हुई सबसे ज्यादा दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हल्की सी हवा चली नहीं कि शहर की बिजली व्यवस्था दम तोड़ देती है, शुक्रवार और शनिवार को हुए मौसम में परिवर्तन का असर शहर के कई हिस्सों में रविवार को भी देखने को मिला। लोग 4-6 घंटे बिजली कटौती से जूझते रहे।
शहर की बदहाल बिजली व्यवस्था लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। शुक्रवार और शनिवार को हुई बारिश से शहर की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। शनिवार को 10 तो रविवार को लोग 4-6 घंटे बिजली कटौती का सामना करते रहे। अवकाश का दिन और बिजली नहीं आने के कारण लोग बार-बार अधिकारियों को फोन करते रहे। सबसे ज्यादा परेशानी ओल्ड और ग्रेटर फरीदाबाद के लोगों को हुई।
2000 से ज्यादा शिकायतें मिलीं
ग्रेटर फरीदाबाद में इन दिनों सबसे ज्यादा लोग बिजली कटौती से जूझ रहे हैं। पीयूष हाइट्स सोसाइटी के आरडब्ल्यूए महासचिव ब्रिजेश वर्मा ने बताया कि ग्रेफ की बिजली व्यवस्था बदहाल होती जा रही है। आम दिनों में भी लोग 4-5 घंटे बिजली कटौती से जूझते हैं। शुक्रवार, शनिवार और रविवार को सबसे ज्यादा लोगों को परेशानी हुई। रविवार को शहर के अधिकांश हिस्सों में लोग बिजली कटौती से जूझते रहे। विभाग के मुताबिक रविवार को बिजली की 2000 से ज्यादा शिकायतें मिलीं। निगम के अधीक्षण अभियंता नरेश कक्कड़ के मुताबिक, बिजली व्यवस्था में सुधार जारी है। मरम्मत कार्य किए जा रहे हैं, लोगों को जल्द राहत मिलेगी।