पिछले लगभग 6 महीने से बनी हुई है समस्या, पूर्व पार्षद से समाधान कराने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गर्मी में पेयजल संकट से लोगों की परेशानी बढ़ रही है। पिछले लगभग 6 महीने से पानी की समस्या से जूझ रहे सेक्टर-23 के लोगों का सोमवार को सब्र का बांध टूट गया और जमकर प्रदर्शन किया। क्षेत्र के लोग पूर्व पार्षद जयवीर खटाना से भी मिले व समस्या के समाधान की मांग की।
स्थानीय निवासी गुरतेज कौर, स्वाति शर्मा, ललिता और कृष्णा भाटिया ने बताया कि सेक्टर में लगभग 6 महीने से लोग समस्या से परेशान हैं। दो-तीन दिनों में एक बार चंद मिनटों के लिए पेयजल की सप्लाई हो रही है। सप्लाई हो रहा पानी गंदा व बदबूदार है, जिसका इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। गर्मी में पानी नहीं आने के कारण कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले सोमवार को लोगों ने नगर निगम के कार्यकारी अभियंता को भी शिकायत दी, आरोप है कि अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं।
टैंकरों के सहारे लोग
स्थानीय निवासी सुनीता और मनीषा ने बताया कि पानी की सबसे ज्यादा परेशानी मकान नंबर 624 वाली गली में है। प्रतिदिन 800-1000 रुपये का टैंकर दो परिवार मिलकर खरीद रहे हैं। कुछ लोग आसपास के क्षेत्र से पानी लेकर आते हैं। पानी नहीं आने के कारण दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। लोगों ने अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग की है।
हम कोशिश कर रहे हैं कि सभी लोगों तक पानी पहुंच सके। जांच की जाएगी, यदि समस्या है तो समाधान किया जाएगा।
-पदम भूषण, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम
गर्मी में सबसे ज्यादा पानी की जरूरत होती है, लेकिन हम पिछले 6 महीने से समस्या से परेशान हो रहे हैं। अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे।
-वीना, स्थानीय निवासी
सेक्टर में पानी नहीं आने से काफी परेशानी हो रही है। अधिकारी समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है, जिसका खामियाजा सेक्टर के हजारों परिवार भुगत रहे हैं।
-सरिता, स्थानीय निवासी
एफएमडीए व नगर निगम की ओर से नियमित पानी की सप्लाई नहीं की जा रही है जिससे सेक्टरों में पेयजल किल्लत बनी हुई है। अधिकारियों को इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है।
-जयवीर खटाना, पूर्व पार्षद