अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फरीदाबाद में सोमवार सुबह हुई बारिश के बाद डबुआ मंडी का बुरा हाल हो गया। मंडी के अंदर फैली गंदगी और मिट्टी बारिश के बाद कीचड़ में बदल गई और पूरे परिसर में फिसलन फैल गई। हालत इतनी ज्यादा खराब हो गई कि वाहन चलाना तो दूर लोग पैदल चलने में भी परेशान हो रहे थे। हल्की की असावधानी होने पर लोग मंडी परिसर के अंदर फिसलकर गिरते नजर आए और चोटिल होते रहे। पूरे दिन मंडी परिसर में यही हाल देखने को मिला। मंडी के लोगों ने बताया कि परिसर के अंदर साफ-सफाई नहीं की जाती है। वहीं धूल मिट्टी और कूड़े का ढ़ेर लगा रहता है। इस कारण जब भी बारिश होती है, तो यहां के हाल बुरे हो जाते हैं। वहीं मंडी के बाहर की सड़क मंडी के लेवल से काफी ऊंची है, इसलिए बाहर का पानी भी मंडी के अंदर आ जाता है, जिससे परेशानी और ज्यादा बढ़ जाती है।