लिपिक पांच जुलाई से हैं हड़ताल पर, रजिस्ट्री का कार्य शुरू
फोटो शासन-प्रशासन लोगो
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। लिपिकों की हड़ताल से जहां एक ओर सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है। वहीं, लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस रिन्यू, आरसी व अन्य प्रमाण पत्र बनाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
5 जुलाई से प्रदेश के सभी क्लर्क अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं। इसके चलते सरकार ने तहसीलदारों को रजिस्ट्री करने का कार्य सौंप दिया है। एक अगस्त से जिले के सभी उपमंडल कार्यालयों पर रजिस्ट्री का कार्य तहसीलदारों द्वारा शुरू कर दिया गया है, लेकिन सरल केंद्र बंद होने की ड्राइविंग लाइसेंस व अन्य कार्य नहीं हो रहे हैं। सेक्टर 3 निवासी रतन लाल ने बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस 16 अगस्त को खत्म हो रहा है। शुक्रवार को उपमंडल कार्यालय से फाइल लेने के लिए आए थे, लेकिन सरल केंद्र बंद है। अगर जल्द ही क्लर्कों द्वारा हड़ताल को खत्म नहीं किया गया तो लाइसेंस रिन्यू करवाने में परेशानी हो सकती है। वहीं तिरखा कॉलोनी निवासी राजेश ने बताया कि उनके बेटे ने नई कार खरीदी है उक्त कार की आरसी बनवाने के लिए पिछले कई दिनों से चक्कर लगा रहे हैं लेकिन क्लर्कों की हड़ताल होने की वजह से उनका कार्य नहीं हो पा रहा है।
हर रोज हो रही है 30 से 40 रजिस्ट्री
उपमंडल कार्यालयों में रजिस्ट्री कर रहे तहसीलदारों का कहना है कि रजिस्ट्री के दौरान सावधानी बरती जा रही है। बल्लभगढ़ में रोज करीब 30 से 40 रजिस्ट्री की जा रही हैं। सभी को पहले सुबह के समय टोकन दिया जाता है उसके बाद टोकन नंबर के अनुसार रजिस्ट्री की जाती है। इसके अलावा फरीदाबाद व बड़खल समेत उप तहसीलों में रजिस्ट्री का काम चल रहा है।
बल्लभगढ़ बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान स्वर्ण सिंह आर्य ने बताया कि रजिस्ट्री का कार्य तो शुरू कर दिया है लेकिन लाइसेंस, आरसी व अन्य प्रमाण पत्र के कार्य नहीं हो रहे हैं, जिसकी वजह से लोगों को परेशानी हो रही है। सबसे ज्यादा लोग लाइसेंस रिन्यू कराने को लेकर परेशान हैं। अगर रिन्युअल तारीख से एक महीने के अंदर लाइसेंस रिन्यू नहीं करवाया जाता है तो दोबारा से डीएल बनवाना पड़ता है।