- जिला स्तरीय शांति कमेटी की बैठक में उपायुक्त ने की अपील
- कहा, नूंह को तरक्की के रास्ते पर अग्रसर करने के लिए सामाजिक, धार्मिक संगठनों से सहयोग की अपेक्षा
- नशे से बचें युवा, शिक्षा व रोजगार पर करें फोकस
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिला सचिवालय में सोमवार को
जिला स्तरीय शांति कमेटी की बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त अखिल पिलानी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले के दोनों समुदायों के प्रमुख लोगों ने भाग लिया। उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि जिला नूंह को तरक्की के रास्ते पर अग्रसर करने के लिए सभी सामाजिक, धार्मिक संगठनों के साथ आमजन से भी अपार सहयोग की आवश्यकता है। सभी लोग मिलकर आपसी सौहार्द से जब शिक्षा, रोजगार की ओर बढ़ेंगे, तभी जिला नूंह विकास की ओर बढ़ेगा। मेवात का आपसी सौहार्द व भाईचारा बहुत पुराना है और यहां पर सभी धर्मों के लोग मिलकर तीज-त्योहार बनाते हैं जोकि एक मिसाल है। एक-दूसरे के रीति रिवाजों व परंपराओं का सम्मान करते हुए हमें इन मुद्दों पर संवेदनशीलता बरतनी है और जब सभी लोग एक दूसरे का सहयोग करेंगे तो यहां पर अन्य कोई कारण नहीं है कि आपसी मनमुटाव हो। उन्होंने सभी समुदायों के प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि जिला प्रशासन सभी धार्मिक भावनाओं का सम्मान करता है और सभी वर्गों से सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपेक्षा करता है। उपायुक्त ने शांति कमेटी के सभी सदस्यों से अनुरोध किया कि वे आगामी करीब 2 महीने त्योहारी सीजन में शांति बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करें। आज से ही पवित्र नवरात्र शुरू हुए हैं और इसके बाद दशहरा, करवा चौथ, दीपावली, गोवर्धन पूजा, छठ पूजा सहित कई पर्व मनाए जाएंगे।