अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-8 में बन रहे वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग को लेकर सोमवार को फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बलजीत कौशिक के नेतृत्व ज्ञापन सौंपा। लोगों ने राज्यपाल के नाम उपायुक्त विक्रम सिंह अनुपस्थिति में एसडीएम परमजीत चहल को यह ज्ञापन दिया। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार में सरकारी स्कूलों की दशा और दिशा दोनों दयनीय हो गई है, कहीं अध्यापकों की कमी है तो कहीं मौलिक सुविधाओं की कमी के चलते विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, लेकिन शिक्षा विभाग और सरकार पूरी तरह से मौन है।
सोमवार को बलजीत कौशिक ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस सरकार में केवल कागजों में ही विकास की बातें होती हैं, जबकि जमीनी स्तर पर विकास शून्य है। कौशिक ने बताया कि सेक्टर-7 से स्थानांतरित की गई राजकीय प्राथमिक पाठशाला, वरिष्ठ माध्यमिक स्तर पर अपग्रेड हो गई है। अब इस पुराने स्कूल के भवन के स्थान पर नया भवन बनाया जा रहा है, जो बिना नियमों के बनाया जा रहा है। इस भवन का नक्शा पास नहीं है, फायर बिग्रेड से संंबंधित नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। पेड़ों को बिना परमिशन के काटा जा रहा है, जबकि आसपास की सड़कों की चौड़ाई भी कम है। ऐसे स्कूल में पढ़ने से न तो बच्चों का मानसिक विकास हो पाएगा और न ही शारीरिक विकास हो पाएगा। उन्होंने बताया कि यह स्थान केवल प्राथमिक स्तर तक के विद्यालय के लिए ही पर्याप्त है, अगर इस स्कूल में वरिष्ठ माध्यमिक स्तर तक की कक्षाएं लगने लगीं तो बच्चों को उचित स्थान मिलना और शिक्षा प्राप्त करना मुश्किल हो जाएगा। इसके अलावा इस स्थान पर बच्चों के शारीरिक विकास के लिए खेल मैदान भी नहीं हैं, इसलिए इस स्कूल को किसी बड़ी जगह स्थानांतरित किया जाए ताकि बच्चों के खेलने व बैठने के लिए उचित स्थान मिल सके। इस अवसर पर विचार विभाग कांग्रेस के प्रदेश चेयरमैन विनोद कौशिक, युवा कांग्रेसी नेता आकाश शर्मा, डाॅ. सौरभ शर्मा वाइस प्रेसीडेंट, एआईसीसी,महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता फागना, रंधावा फागना, गुलशन सेठी, अमित धवन, नरेंद्र कौशिक सहित अनेक लोग मौजूद थे।