फरीदाबाद। जिले के छात्रों ने एफजीएस विकसित भारत इंटरनेशनल समिट में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। सेक्टर-21बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने नेतृत्व क्षमता, प्रभावी संवाद-कौशल और तार्किक सोच का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। समिट के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आयोजित वाद-विवाद, विचार-विमर्श, चर्चाओं और सहयोगात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। उनके आत्मविश्वास, विश्लेषणात्मक सोच और प्रभावशाली अभिव्यक्ति ने निर्णायकों और प्रतिभागियों को प्रभावित किया। विद्यालय की छात्रा अंशिका, आशना, अंशुमन और कुंजल को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर टॉप 25 वॉइस ऑफ इंडिया में स्थान मिला। इसके अलावा कक्षा 11वीं की छात्रा कुंजल को प्रभावशाली वक्तृत्व कौशल, उत्कृष्ट प्रस्तुति और प्रेरणादायी नेतृत्व के लिए बेस्ट स्पीकर फेलोशिप अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। बता दें कि इस प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न राज्यों से आए 175 प्रतिनिधियों सहित दक्षिण अफ्रीका के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। संवाद