फरीदाबाद। सेक्टर-76 स्थित कालका पब्लिक स्कूल और बल्लभगढ़ स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जिला पुलिस ने स्टूडेंट पुलिस कैडेट (एसपीसी) कार्यक्रम का मंगलवार को आयोजन किया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को विकसित करना है। कालका पब्लिक स्कूल में हुए सत्र में विद्यार्थियों के साथ मानसिक विकास, नशा मुक्त भारत अभियान और नागरिक कर्तव्यों को लेकर विचार साझा किए गए। छात्रों को समझाया गया कि एक एसपीसी कैडेट के रूप में वे अपने आस-पास के समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। वहीं, बल्लभगढ़ स्थित राजकीय विद्यालय में विद्यार्थियों को एसपीसी की अवधारणा, पुलिस विभाग की संरचना और रैंक व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अलावा छात्रों को एसपीसी गान से भी परिचित कराया गया, जिससे उनमें राष्ट्र सेवा, नेतृत्व और आत्म-अनुशासन की भावना को मजबूती मिले। फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल छात्रों को समाज के प्रति जिम्मेदार बनाती हैं, बल्कि उन्हें अपराध और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से भी दूर रखने में मदद करती है। संवाद