संवाद न्यूज एजेंसी फरीदाबाद। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के सेक्टर-23 स्थित कार्यालय में उपभोक्ता फोरम की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें कुल छह शिकायतकर्ता अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। इनमें से अधिकतर शिकायतें गलत बिजली बिल भेजे जाने को लेकर थी। शिकायत लेकर आईं खेड़ी कलां निवासी अमीरा देवी ने बताया कि छह माह से बिजली निगम द्वारा गलत बिल भेजा जा रहा है। खेड़ी सब डिविजन में शिकायत करने के बावजूद उनका कोई समाधान नहीं किया गया। शिकायत पर सुनवाई करते हुए एसई नरेश कक्कड़ ने एसडीओ को मीटर चेक कराने का आदेश दिया। संजय कॉलोनी से आए ललित कुमार आर्य ने बताया कि मीटर रीडिंग गलत भेजी जा रही है। इसके अलावा बदरौला से आए शिकायतकर्ता चेतन कुमार ने बताया कि उन्होंने एक माह पहले नए बिजली कनेक्शन के लिए अप्लाई किया था, लेकिन उन्हें अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है। हालांकि, वह बिजली निगम को पूरा पैसा भर चुके हैं। तिलपत से आई कविता बदोई ने बताया कि अधिक बिल भेजा जा रहा है। इस पर एसई नरेश कक्कड़ ने संबंधित एसडीओ को सरचार्ज चेक कर योजना के तहत बिल को कम करने का आदेश दिया।