स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को कोरोना के चार नए मामले आए हैं। यह सेक्टर-89, इरोज गार्डन और सेक्टर-15 से है। एक अन्य मरीज बांग्लादेश से यहां किडनी ट्रांसप्लांट के लिए आया है। उसका निजी अस्पताल में इलाज जारी है। अब तक चार बांग्लादेशी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
ओमिक्रॉन पीड़ितों के लिए 72 बेड आरक्षित
बीके अस्पताल परिसर में अस्थायी रूप से बनाए गए अस्पताल के 72 बेड ओमिक्रॉन मरीजों के लिए आरक्षित कर दिए गए हैं। एक प्रकार से इस अस्पताल को कोविड अस्पताल बना दिया गया है। बीके अस्पताल की प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. सविता यादव ने बताया कि इन सभी बेड पर ऑक्सीजन आपूर्ति की भी व्यवस्था है। आरक्षित बेड में से 20 पर वेंटिलेटर की व्यवस्था की गई है।
मरीजों के लिए 43 वेंटिलेटर
डॉ. सविता यादव ने बताया कि बीके अस्पताल के पास 43 वेंटिलेटर हैं। इसमें द्वितीय तल पर 18 बेड के तीन आईसीयू वार्ड बनाए गए हैं। इन सभी बेड पर वेंटिलेटर लगाए गए हैं। वहीं दो वेंटिलेटर एचडीयू, दो नर्सरी और चार इमरजेंसी में भी हैं। उन्होंने बताया अस्थायी अस्पताल में 72 बेड ओमिक्रान मरीजों के लिए आरक्षित होने के बाद शेष बचे 24 बेड मेडीसिन के मरीजों के लिए रखे हैं। इनमें बुखार, निमोनिया, टायफाइड सहित अन्य बीमारियों के मरीज रखे जाएंगे।
ऑक्सीजन की व्यवस्था
पीएमओ डॉ. सविता यादव ने बताया कि बीके अस्पताल में कोरोना संक्रमितों के लिए ऑक्सीजन की पर्याप्त व्यवस्था है। परिसर में 200 और 1000 लीटर प्रति मिनट आक्सीजन उत्पादन करने वाले दो प्लांट स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 160 डी-टाइप (47 लीटर) और 270 बी-टाइप (10 लीटर) आक्सीजन सिलेंडर हैं। विभिन्न क्षमता वाली 128 आक्सीजन कंसंट्रेटर भी उपलब्ध हैं।