हाल में ही हुए कानून संशोधन संबंधी भी हैं शामिल
फोटो-
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान एवं न्यायिक सुधार संघर्ष समिति के अध्यक्ष एलएन पाराशर ने कहा कि युवा वकीलों को कानूनी ज्ञान होना बहुत जरूरी है। तभी कोर्ट के समक्ष निडरता एवं निर्भयता से अपना पक्ष रख सकेंगे। एलएन पाराशर ने शनिवार को युवा वकीलों को 17वीं बार मुफ्त में कानूनी की किताबें बांटी। इसमें हाल ही में लोकसभा में कानून संशोधन संबंधी किताब भी शामिल है।
फरीदाबाद कोर्ट परिसर के लॉयर चेंबर नंबर 382 में शनिवार सुबह युवा वकीलों की भीड़ लगी रही। फरीदाबाद बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान एवं न्यायिक सुधार संघर्ष समिति के अध्यक्ष एडवोकेट एलएन पाराशर ने लगातार 17वीं बार युवा वकीलों को मुफ्त में कानूनी किताबें प्रदान की। किताबों को लेकर युवा वकीलों में उत्साह रहा। एडवोकेट पाराशर ने बताया कि हाल ही में लोकसभा सत्र में भारत सरकार ने कानूनी धाराओं में संशोधन विधेयक पास किया है। उन्होंने यह भी कहा कि यह विधेयक अभी राज्यसभा में भी पास होना है, लेकिन वह चाहते हैं कि फरीदाबाद का कोई भी युवा वकील किसी भी परेशानी का सामना ना करें। नए विधेयक की धाराओं को पढ़कर कोर्ट में निडरता एवं निर्भयता से अपना पक्ष रख सकें। इसलिए नए संसोधन संबंधी कानूनी किताबों को बांटा है। एडवोकेट पाराशर समय-समय पर इस तरह के आयोजन करते रहते हैं। वह चाहे बार एसोसिएशन के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को राशन वितरण का कार्य हो, या मेडिक्लेम सुविधा देना हो। इस मौके पर बार एसोसिएशन के प्रधान राजेश बैसला, सचिव ओम दत्त शर्मा समेत अन्य वकील मौजूद रहे।