फरीदाबाद। डबुआ और सेक्टर-16 सब्जी मंडी से कोरोना वायरस के लगातार मामले सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने दोनों मंडियों को बंद करने के आदेश जारी किए हैं। दोनों मंडियां चार दिन के लिए 16 मई से 19 मई तक पूर्ण रूप से बंद रहेगी। जिला उपायुक्त यशपाल यादव ने बताया कि डबुआ सब्जी मंडी एसोसिएशन के प्रधान और मार्केट कमेटी फरीदाबाद के सचिव के पत्र के संदर्भ और पिछले दिनों डबुआ सब्जी मंडी से संबंधित कई लोग संक्रमित पाए जाने पर यह आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने आदेशों में स्वास्थ्य विभाग के उप मुख्य चिकितसा अधिकारी डॉ. रामभगत को निर्देश दिए हैं कि इस दौरान आढ़तियों, पल्लेदारों, मुनीमों का कोरोना टेस्ट करवाया जाए। उन्होंने नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि वे दोनों सब्जी मंडियों में सैनिटेशन करवाएं। कोई व्यापारी या आढ़ती इन आदेशों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।