फरीदाबाद। दशहरे के दिन एक ट्रैक्टर चालक की हत्या कर दी गई थी। उसके पीड़ित परिवार को पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी है। यह मदद रविवार को सेक्टर-3 स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित प्रवासी महापंचायत में दी गई। महापंचायत में मौजूद अन्य लोगों के सहयोग से भी परिवार को लाखों रुपये की मदद दिलाई गई। शर्मा ने मृतक की पत्नी को निजी क्षेत्र में नौकरी दिलाने का प्रयास करने का भरोसा भी दिया। नीरज शर्मा ने कहा कि परिवार के कमाने वाले सदस्य की मौत से आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में परिवार को सहारे की जरूरत है। उन्होंने लोगों से भी अपनी क्षमता के अनुसार मदद करने की अपील की। महापंचायत में प्रवासी समाज की सुरक्षा और शहर की समस्याओं पर चर्चा हुई। संवाद