संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गांव मच्छगर में पिछले कुछ दिनों से बंदरों के झुंड से ग्रामीण काफी परेशान हैं। बंदरों का झुंड सुबह व शाम के समय ग्रामीणों के घरों में घुस कर खाने-पीने के सामान को बिखेर देते हैं। बंदर गांव के कई बच्चों व बुजुर्गों पर भी हमला कर चुके हैं। सोमवार को स्कूल जा रही 15 साल की छात्रा पर बंदरों ने हमला कर दिया। इस दौरान छात्रा के पैर पर काफी गंभीर चोट आई है। गांव के हालात यह है कि लोग जब भी घर से बाहर निकलते हैं तो वह हाथों में डंडा लेकर चलते हैं।
गांव मच्छगर पहले पंचायत के अंदर आता था लेकिन अब यह नगर निगम के अंदर आ गया है। इसके चलते अब गांव के लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है। गांव के रहने वाले राम प्रकाश ने बताया कि गांव में बंदरों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। पहले दो से तीन बंदर ही गांव में नजर आते थे लेकिन अब यह संख्या बढ़कर 10 से 15 हो गई है। सुबह के समय जब बच्चों को स्कूल जाना होता है बंदरों का झुंड बच्चों पर हमला कर देता है।
सोमवार की सुबह भी 15 वर्ष की छात्रा छाया स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। कुछ दूरी पर जाने के बाद छाया पर बंदरों ने हमला कर दिया। इस दौरान बंदर ने छात्रा के पैर को पकड़ लिया। गांव वासी ने बच्ची को बंदरों से बचाया। बच्ची को उपचार के लिए तुरंत सरकारी अस्पताल में लेकर गए। इससे पहले भी गांव के बुजुर्ग समेत 12 से अधिक लोगों पर बंदर हमला कर चुके हैं।
-
इस बारे में पहले उनको कोई सूचना नहीं मिली थी लेकिन अब वह जल्द ही गांव में दो जगह पर बंदरों को पकड़ने वाले जाल को लगवा देंगे। -डॉ. नितीश परवाल, स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी, नगर निगम