संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए नगर निगम से जुड़े कार्य जल्द ही सुविधाजनक हो सकते हैं। इस जोन में करीब 20.32 करोड़ रुपये की लागत से नगर निगम के नए आधुनिक भवन के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कर ली गई है। इस नए कार्यालय के बनने से लोगों को प्रॉपर्टी टैक्स, प्रॉपर्टी आईडी, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, शिकायत निवारण और अन्य निगम सेवाओं के लिए दूर स्थित मुख्य कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत काफी हद तक कम हो जाएगी। परियोजना के तहत इमारत के निर्माण के लिए 33 महीने 10 दिन की समय सीमा तय की गई है। कार्यकारी अभियंता डालचंद का कहना है कि भवन निर्माण के लिए प्राथमिक प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है। जल्द जमीनी स्तर पर भी काम शुरू कर दिया जाएगा।