पड़ोसियों ने बुझाई आग, घटना के वक्त पूरा परिवार गांव में शादी समारोह में गया था
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एसी नगर में शरारती तत्वों ने एक व्यक्ति का घर जलाने का प्रयास किया। घटना के वक्त पूरा परिवार अपने गांव शादी समारोह में गया था। आग लगने की भनक लगने पर पड़ोसियाें ने आग बुझाई और गृहस्वामी को घटना की सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस घटना की जांच कर रही है। आग लगने से घर के बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी और गेट के पर्दे जल गए। पीड़ित विशाल ने बताया कि वह अपने पूरे परिवार के साथ शनिवार को उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे। इसी बीच देर रात उनके घर के बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी और गेट पर लगे पर्दों में किसी ने आग लगा दी गई। रात करीब 3 बजे पड़ोसियों का फोन आया कि उनके घर के बाहर आग लगी हुई है और घर को जलाने की कोशिश की गई है। उन्होंने बताया कि पड़ोसियों ने आग बुझाकर उनका घर जलाने से बचा लिया। सूचना मिलते ही वे अगले दिन सुबह अपने घर पहुंचे,देखा कि घर के मुख्य गेट पर लगे पर्दे जल चुके थे और स्कूटर भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। पीड़ित को आशंका है कि शरारती तत्वों ने कोई ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाई होगी। पीड़ित विशाल ने कोतवाली थाना में शिकायत दे दी है। कोतवाली थाना प्रभारी मंजीत कुमार का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है। सिपाही को मौके पर भेजकर पूरी घटना की जानकारी ली गई है। प्रथम दृष्टि में यह मामला किसी रंजिश का प्रतीत होता है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर कार्रवाई करेगी।