संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-16 स्थित एक रेस्त्रां में रिश्तेदारों के साथ खाना-खाने गए गुप्तचर विभाग के थानेदार (एएसआई) के साथ भाजपा से लोकसभा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री के भांजे ने मारपीट की। आरोपी के साथ करीब आठ से दस लोग थे। पीड़ित अपने रिश्तेदारों के साथ सेक्टर-16 स्थित ओम स्वीट्स में खाना खाने गए थे। रेस्त्रां में आरोपियों और पीड़ित के बीच बहस हुई, जिसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के साथ रेस्त्रां के अंदर हाथापाई व गाली-गलौच की। किसी तरह मामला शांत हो गया। इसके बाद बाहर आकर आरोपियों ने एएसआई की कार पर भी पथराव कर दिया। मामला सेक्टर-16 पुलिस चौकी से मात्र तीन सौ मीटर दूर का है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
गुप्तचर विभाग में एएसआई पंकज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 मार्च की रात को वह अपने रिश्तेदार राजकुमार व शैलेश के साथ सेक्टर-16 ओम स्वीट्स पर खाना खाने गए थे। रेस्त्रां में भाजपा सांसद व मंत्री कृष्णपाल गुर्जर का भांजा अमर चेची, सेक्टर-29 निवासी प्रवीण, पप्पू और अन्य 10-12 लोगों के साथ बैठा हुआ था। आरोप है कि अमर चेची ने पंकज को गाली देते हुए पूछा कि यहां किसकी रिपोर्ट बनाने आया है। पंकज ने गाली का विरोध करते हुए कहा कि तरीके से बात करें वह रिश्तेदारों के साथ खाना खाने आया है।
इस बात पर अमर चेची आवेश में आ गया और दोस्तों के साथ मिलकर पंकज व उसके रिश्तेदारों के साथ झगड़ा और मारपीट करना शुरू कर दिया। किसी तरह मामला शांत हुआ और पंकज मौके से निकलने लगा। इसी बीच एक आरोपी ने राजकुमार की गर्दन दबोचकर सोने की चेन तोड़ ली। किसी तरह पंकज व उसके रिश्तेदार मौके से निकलकर गाड़ी की तरफ भागे। आरोपियों ने पंकज की गाड़ी पर पथराव कर कार के शीशे तोड़ दिए। गौरतलब है कि आरोपी और पीड़ित पहले से एक दूसरे को जानते है।
अमर और शिकायत कर्ता पंकज पहले से एक दूसरे को जानते हैं। मारपीट के दौरान पंकज ड्यूटी पर नहीं था। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
-सुरेंद्र सिंह, सेक्टर-17, थाना प्रभारी
पहले भी विवादों में रहा है मंत्री का भांजा
अमर चेची के खिलाफ थाने में ये पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी सेक्टर-31 थाने में आरोपी के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया गया था। उसपर पुलिस चौकी में घुसकर युवक को पीटने का आरोप था। इसके अलावा भी कई बार थाने चौकी में अमर चेची के खिलाफ शिकायत होती रही हैं।