अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सूरजकुंड रोड स्थित श्री सिद्धदाता आश्रम में शुक्रवार को मंत्री विपुल गोयल ने एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की। मंत्री ने आश्रम के वृंदावन क्षेत्र में औषधीय और फलदार पौधे लगाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का यह अभियान समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करेगा। मंत्री विपुल गोयल ने गुरुमाता की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आश्रम में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जिसका उद्घाटन महापौर प्रवीण बतरा जोशी ने किया। इस दौरान 421 लोगों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान 28 लोगों का चयन मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए किया गया। आश्रम की ओर से मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी निशुल्क वितरित की गईं।