फरीदाबाद। सेक्टर-78 स्थित मास्टर्स क्रिकेट मैदान पर रविवार को फरीदाबाद सुपर 11 और रॉयल क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया रोमांचक मुकाबला टाई हो गया। दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा। 20 ओवर के मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए फरीदाबाद सुपर-11 की टीम 165 रन पर ऑल आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल क्लब भी 165 रन ही बना सकी। सुपर 11 के लिए पीयूष भारद्वाज ने 45, दिलीप ने 34 और मोहित ने 29 रन बनाए। रॉयल क्लब के लिए निखिल ने चार, अमित को तीन और केशव को दो विकेट मिले। वहीं, रॉयल क्लब के पिंकल ने 59 और अमित ने 43 रन बनाए। सुपर-11 के सतीश नरवत को दो, जबकि महेश, बलराम, नरेश, अभिनव और अमित को एक-एक विकेट मिला। संवाद