फरीदाबाद। जिले में एक राजमिस्त्री की करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वह एक मकान की दूसरी मंजिल पर निर्माण कार्य कर रहे थे। मृतक के परिजनों ने मकान मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है। मृतक की पहचान ब्रजकिशोर (56) के रूप में हुई है। उनके बेटे बबलेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके माता-पिता खेड़ी के पास भारत कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। पिता राजमिस्त्री का काम करते थे। 6 जून को उनके पिता गांव भूपानी स्थित गणेश कॉलोनी में विजय के मकान पर काम करने गए थे। जिस मकान पर काम हो रहा था, उसके ऊपर से हाईटेंशन बिजली की लाइन गुजर रही थी। परिजनों का आरोप है कि मकान मालिक को इस खतरे की जानकारी थी लेकिन इसके बावजूद उसने सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं किए और काम जारी रखा। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने परिजनों की शिकायत पर मकान मालिक विजय के खिलाफ लापरवाही की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। संवाद