बल्लभगढ़। गांव में शहीद मनोज भाटी के समाधि स्थल बनाने को लेकर मंगलवार को लोग दोबारा से उपायुक्त विक्रम से मिले। जिस पर उपायुक्त ने आश्वासन दिया है कि जहां पर अंतिम संस्कार हुआ है वहीं पर समाधि बनेगी। शाहजहांपुर निवासी शहीद मनोज भाटी के पिता बाबूलाल, पत्नी कोमल, पूर्व सरपंच नाहर सिंह, पूर्व सरपंच धर्मवीर, चरण सिंह, सूरजभान, कृष्ण आदि ने बताया कि सोमवार को उपायुक्त नहीं मिलने की वजह से मंगलवार को दोबारा से उनसे मिलने के लिए गए। उन्होंने उनको बताया कि 13 अगस्त को जिस जगह पर शहीद मनोज भाटी को अंतिम संस्कार किया गया था। अंतिम संस्कार करने के लिए गांव शाहजहांपुर में पंचायती जमीन नहीं होने की वजह से गांव फज्जूपुर की जमीन पर अंतिम संस्कार किया गया। उस समय मौखिक रुप से प्रशासन ने कहा कि समाधि बनाई जाएगी। कार्य भी शुरु हो गया था लेकिन 26 अगस्त को गांव फज्जूपुर के पूर्व पंचायत व गांववासियों द्वारा कार्य को रोक दिया गया। इस को लेकर उपायुक्त विक्रम ने उनको आश्वासन दिया है कि वह बल्लभगढ़ के एसडीएम से इस बारे में बात करेंगे और शहीद मनोज भाटी की समाधि उसी जगह पर बनेगी जहां पर उनका अंतिम संस्कार हुआ था।