- तीन साल पहले हुई थी गांव असावटी में शादी
- शादी के बाद से अनबन के कारण पति से रहती थी अलग
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। हरी विहार में 21 वर्षीय विवाहिता ने मंगलवार को कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन का आरोप है कि शादी के बाद से युवती मानसिक रूप से परेशान थी। थाना आदर्श नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवती के पिता ओमप्रकाश ने बताया कि उनकी बेटी नेहा की शादी तीन साल पहले असावटी गांव में हुई थी। तीन साल से ही नेहा अपने पति से अलग रह रही थी। उनका आपस में मनमुटाव चल रहा था। नेहा मायके में ही रह रही थी और फैक्टरी में काम करती थी। नेहा ने पहली मंजिल पर बने कमरे में जाकर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। नेहा की मां घर पर थी, लेकिन उसे घटना का पता ही नहीं चला। ओमप्रकाश का कहना है कि शादी के बाद से वह मानसिक तौर से परेशान चल रही थी। इसी वजह से उनकी बेटी नेहा ने यह कदम उठाया है।