बल्लभगढ़। शहर के विष्णु कॉलोनी में 40 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। मरीज में कई दिनों से कोरोना के लक्षण नजर आ रहे थे। स्वास्थ्य विभाग ने 11 जून को मरीज के सैंपल लेकर उसे होम क्वारंटीन कर दिया था। 12 जून की सुबह मरीज की मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने मरीज का अंतिम संस्कार करने से रोक दिया। स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत का कहना है कि मरीज के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि की जा सकती है। फिलहाल एहतियात के तौर पर शव को स्वास्थ्य विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है। जांच में कोरोना की पुष्टि होने के बाद मृतक का दाह संस्कार कोविड-19 के नियमों के हिसाब से ही किया जाएगा। उधर, मृतक के परिजन ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि सूचना देने के करीब पांच घंटे बाद एंबुलेंस शव को लेने आई।