फाइनल में फरीदाबाद की एकेपी अकादमी को हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। खेड़ी गुजरान स्थित एकेपी क्रिकेट मैदान पर चल रहे चार टीमों के क्वांड्रांगुलर कप का शुक्रवार को फाइनल मुकाबला खेला गया। फाइनल में लखनऊ की भारत क्रिकेट अकादमी ने फरीदाबाद की एकेपी क्रिकेट अकादमी को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। 40 ओवर के मुकाबले में पहले बल्लेबाजी को आई एकेपी टीम की टीम 20.1 ओवर में सिर्फ 106 रनों पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से ओपनर मोहम्मद फरहान ने 37 गेंदों पर 43 और नमन भारद्वाज ने 42 गेंदों पर 36 रन बनाए। भारत अकादमी के लिए सपर्श सक्सेना ने सिर्फ छह रन देकर तीन विकेट झटके जबकि हर्ष और शाश्वत ने भी तीन-तीन विकेट लिए। इसके जवाब में बल्लेबाजी को आई भारत अकादमी ने 22.4 ओवर में दो विकेट पर 107 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। टीम की ओर से हर्ष पाल ने नाबाद 42 और शाश्वत ने नाबाद 31 रन बनाए। एकेपी के लिए गगनदीप ने दो विकेट लिए। हर्ष को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। बता दें कि प्रतियोगिता में फरीदाबाद और लखनऊ की दो-दो टीमों ने हिस्सा लिया था।