अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सोतई भूमि विवाद को लेकर किसानों का धरना शुक्रवार को 15वें दिन भी शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा। जन्माष्टमी के अवसर पर किसानों ने धरना स्थल पर ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसानों और महिलाओं ने उपवास रखकर अपनी मांगों के समर्थन में संकल्प लिया। किसानों ने कहा कि जन्माष्टमी का पर्व पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है, लेकिन वे अपनी जमीन और न्याय की मांग को लेकर धरना स्थल पर ही त्योहार मनाने को मजबूर हैं। किसानों ने कहा कि यदि उनके साथ हो रहा अन्याय और अत्याचार जारी रहा तो भविष्य में इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने सरकार से मामले की उच्चस्तरीय जांच के लिए कमेटी गठित करने की मांग की। धरना स्थल पर नारायण सिंह, नरेंद्र, ज्ञानी प्रजापति, लाला ठाकुर, रॉकी, सतीश, दयोली रावत सहित बड़ी संख्या में किसान व महिलाएं मौजूद रहीं।