फरीदाबाद। देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ वामपंथी दलों ने शुक्रवार को एनआईटी में विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान सीपीएम और सीपीआई के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़खल के एसडीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व सीपीएम के जिला महासचिव शिव प्रसाद व सीपीआई जिला सचिव बेचू गिरी ने किया। सीपीआई कार्यकर्ता फावड़ा सिंह चौक से नारे लगाते हुए एनआईटी के नंबर एक मार्केट से होते हुए एसडीएम बड़खल के कार्यालय में पहुंचे। इनका नेतृत्व कॉमरेड आरएन सिंह ने किया। एसडीएम कार्यालय के मुख्य द्वार पर दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं की एक सभा हुई। संबोधित करते हुए सीपीएम के जिला सचिव शिव प्रसाद ने भाजपा सरकार पर महंगाई को बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब भाजपा सरकार सत्ता से बाहर थी। तब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में थोड़ी सी वृद्धि होने पर सड़कों पर आकर प्रदर्शन किया करते थे। सीपीआई के जिला सचिव बेचू गिरी ने बताया कि भाजपा की जन विरोधी नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है। खोरी गांव में पिछले 30 वर्षों से रह रहे लोगों के 10 हजार मकानों पर जिला प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाने की भी कड़े शब्दों में निंदा की। इस मौके पर वीरेंद्र पाल सिंह, राम सागर गुप्ता, बैंक कर्मचारी यूनियन के प्रधान ओमप्रकाश, महेंद्र सिंह, महेश द्विवेदी आदि मौजूद रहे।