इंटर स्कूल फुटबाल टूर्नामेंट अंडर 15
अंडर-15 फुटबॉल प्रतियोगिता का दूसरा दिन रहा रोमांचक
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-128 स्थित द खेतान स्कूल में आयोजित इंटर-स्कूल अंडर-15 फुटबॉल प्रतियोगिता का दूसरा दिन रोमांच से भरपूर रहा। पहले मैच में द खेतान स्कूल और दूसरे मैच में समरविल स्कूल की टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। पहले मुकाबले में मेजबान द खेतान स्कूल की टीम ने श्रीराम ग्लोबल स्कूल को 3-2 से हराया। खेतान स्कूल की तरफ से शुभ खत्री, महिप पालीवॉल और आयुष गुप्ता ने गोल दागे। दूसरा मैच विश्वभारती पब्लिक स्कूल, नोएडा और समरविल स्कूल, ग्रेटर नोएडा के बीच खेला गया। इसमें समरविल स्कूल ने विश्वभारती पब्लिक स्कूल को 5-0 से हराकर फाइनल में जगह पक्की की। इसका फाइनल मुकाबला 24 जुलाई को खेला जाएगा, जिसमें द खेतान स्कूल और समरविल स्कूल खिताब के लिए भिड़ेंगे। वहीं श्रीराम ग्लोबल स्कूल और विश्वभारती पब्लिक स्कूल के बीच तीसरे स्थान के लिए मुकाबला होगा। खेतान स्कूल के कोच शुभम ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क की भावना को मजबूत करना है।