- हाईवे पर कार चालक से ढाई सौ दंड-बैठक लगवाने की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित मेवला महाराजपुर मेट्रो स्टेशन के पास कार की टक्कर से कांवड़ खंडित होने पर गुस्साए कांवड़ियों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने हाईवे पर जाम लगाकर कार चालक से दंड-बैठक लगवाने की मांग की। हालांकि घटना के तुंरत बाद चालक कार छोड़ कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कांवड़ियों को समझा कर शांत कराया और रोड से उन्हें हटा दिया। पुलिस ने कार को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। चालक की तलाश की जा रही है।
कांवड़िये ने बताया कि वह हरिद्वार से 11 दिनों से 250 किलोमीटर पैदल चल कर कांवड़ लाए हैं। वह मेवला महाराजपुर मेट्रो स्टेशन के पास रुके थे। बृहस्पतिवार सुबह एक तेज रफ्तार कार चलाक ने टक्कर मारकर उनकी कांवड़ खंडित कर दी। जिससे कांवड़ियों में काफी रोष था। आरोप है कि कार चालक ने जानबूझकर उनकी कांवड़ खंडित की है और कार छोड़ कर वहां से भाग गया।
कार को जब्त कर लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - संग्राम दहिया, प्रभारी थाना, सेक्टर-31