संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़।
जागृति रामलीला कमेटी की ओर से रविवार को रामलीला मंचन की तैयारियों के तहत भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद लिया गया। कार्यक्रम में कमेटी के सरपरस्त सरदार मोहन सिंह भाटिया, राधेश्याम भाटिया और भगवान दास भाटिया सहित कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य और रामलीला में अभिनय करने वाले सभी कलाकार मौजूद रहे। भूमि पूजन की धार्मिक विधि प्रेम पंडित ने संपन्न कराई। इस दौरान कमेटी के सदस्यों ने भगवान श्रीराम से रामलीला के सफल आयोजन और क्षेत्र में सुख-शांति की कामना की। पदाधिकारियों ने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से नई पीढ़ी को जोड़ने का माध्यम है। कमेटी की ओर से हर वर्ष रामलीला का आयोजन किया जाता है, जिसमें कलाकार विभिन्न प्रसंगों का मंचन कर लोगों को धर्म और सदाचार का संदेश देते हैं। कार्यक्रम का समापन जय श्रीराम के जयघोष के साथ हुआ।