फरीदाबाद। जिले में मंगलवार को सुबह से शाम तक बारिश का दौर चलता रहा। इससे मौसम खुशनुमा हो गया और उमस से राहत मिली। सबसे ज्यादा 14 एमएम वर्षा बल्लभगढ़ में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा गोछी में 10 एमएम, फरीदाबाद शहर में 5 एमएम, तिगांव व दयालपुर में 4-4 एमएम और मोहना, बड़खल, धौज में 3-3 एमएम बारिश दर्ज की गई। सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक जिले में अच्छी खासी बारिश हुई। सोमवार सुबह 8 बजे से मंगलवार सुबह 8 बजे तक बारिश का दौर चला। इस दौरान धौज में 110 एमएम, गोछी में 79 एमएम, बल्लभगढ़ में 71 एमएम, दयालपुर में 54 एमएम, मोहना में 51 एमएम, बड़खल में 42 एमएम, फरीदाबाद शहर में 40 एमएम और तिगांव में 28 एमएम वर्षा दर्ज की गई। इस तेज बारिश से कई जगहों पर जलभराव भी हुआ। बारिश से जिले में खरीफ की फसलों को खासा लाभ मिला है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार रात और बुधवार को भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। बुधवार को दिन का तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। ब्यूरो