अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। अंतरराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस को लेकर सराय ख्वाजा स्थित राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की ओर से जागरुकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल प्राचार्य रविंदर मनचंदा ने की। उन्होंने कहा कि समाज में दिन प्रतिदिन शराब, गांजा, चरस आदि मादक पदार्थों के सेवन की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। नशा सभी अपराधों की जड़ है इसलिए युवा इससे बचने का प्रयास करें।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बढ़ती हुई तंबाकू, गुटखा, सिगरेट की बुरी आदत एवं नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरुक करना है। इस मौके पर स्कूल परिसर में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्राध्यापिका गीता ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में राधा गुप्ता, रिया, अर्चना और खुशी सहित अन्य छात्र छात्राओं को नशे से बचाव के लिए बनाई गई सुंदर चित्रकारी के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।