- केंद्रीय राज्य मंत्री फरीदाबाद में विकसित भारत संकल्प यात्रा में हुए शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत संकल्प यात्रा (वीबीएसवाई) के लाभार्थियों के साथ बातचीत के कार्यक्रम को एनआईटी स्थित रॉयल वाटिका में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देखा गया। केंद्रीय विद्युत और भारी उद्योग राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने लोगों को ‘हमारा संकल्प-विकसित भारत’ की शपथ दिलाई। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने विश्व को भारतीय संस्कृति से रूबरू कराया है। इस मौके पर विकसित भारत संकल्प यात्रा लाभार्थी वर्चुअल रूप से शामिल हुए।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले लोगों से सीधा संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य मोदी सरकार द्वारा शुरू की गई जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभ को आम जनता के लिए सुनिश्चित करना है। इन योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति को शत प्रतिशत मिलना चाहिए और कोई इससे छूटना नहीं चाहिए। प्रधानमंत्री ने संकल्प लिया था कि जब भारत आजादी के 100 वर्ष पूरे करे तब देश एक विकसित राष्ट्र होना चाहिए, श्रेष्ठ राष्ट्र होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के हर गांव और शहरों के हर कोने में विकसित भारत संकल्प यात्रा चल रही है। यह यात्रा 25 जनवरी तक लगातार चलनी है। इस दौरान कई संबंधित विभागों द्वारा योजनाओं के बारे में स्टाल लगाए गए। इसके अलावा एक स्वास्थ्य जांच कैंप भी लआ, इसमें केंद्रीय राज्य मंत्री ने अपना चैकअप करवाया।
इस मौके पर विधायक सीमा त्रिखा, पीआईबी चंडीगढ़ के अपर महानिदेशक राजेन्द्र चौधरी, रेलवे इलेक्ट्रिकल इंजीनियर महेन्द्र कुमार, एसडीएम अमित मान, एमसीएफ की ज्वाइंट कमिश्नर शिखा अन्तिल, जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, यशवीर डागर, नीरा तोमर, आरएन सिंह, एमसी मित्तल, सतीश चौधरी, सतीश फागना, भारत चेयरमैन, वीरू, रोहित आदि मौजूद रहे।