कंपनी मालिक, निदेशक और अन्य से पूछताछ जारी
दो दिन और चलेगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-24 वीजी कंपनी के मालिक, निदेशक और कंपनी के दफ्तर व कार्यालय पर आयकर की छापेमारी दूसरे दिन भी जारी रही। इस दौरान टीम को सभी 25 जगहों से करीब आठ करोड़ की नकदी (कैश) और 30 लॉकर मिले हैं। जिन्हें तुरंत प्रभाव से सीज कर दिया गया है। कंपनी मालिक व अन्य से पूछताछ की जा रही है। यह कार्रवाई दो दिन और चलेगी।
फरीदाबाद आयकर निदेशक यूनिट दो की टीम ने बुधवार को टैक्स चोरी की सूचना पर सेक्टर-24 स्थित ऑटो पार्ट बनाने वाली वीजी इंटरप्राइजेज के फरीदाबाद समेत दिल्ली-एनसीआर के 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। टीम सबसे पहले सेक्टर-21बी स्थित कंपनी मालिक की कोठी एवं कंपनी से संबंधित सीए फर्म राकेश राज एंड एसोसिएट के दो सीए के घरों के अलावा गुरुग्राम-दिल्ली स्थित के कंपनी कार्यालयों पर पहुंची। टीम ने मौके से जरूरी दस्तावेज, मोबाइल, लैपटॉप अपने कब्जे में ले लिए हैं। इनकी जांच की जा रही है। घर व दफ्तरों की गहनता से जांच करने पर बृहस्पतिवार को टीम ने करीब आठ करोड़ रुपये का कैश बरामद किया है। बताया जा रहा है कि सबसे ज्यादा कैश कंपनी के गुरुग्राम और दिल्ली दफ्तर पर मिला। इसे लेकर कंपनी मालिक और निदेशकों से पूछताछ की गई तो वह कोई खास जानकारी नहीं दे सके। टीम को अलग-अलग जिलों में कंपनी के 30 से अधिक लॉकर मिले। इन्हें लेकर भी पूछताछ की गई लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्हें भी सीज कर दिया गया है। घर के अंदर मौजूद सभी लोगों की दूसरे दिन भी आवाजाही बंद रही। विभाग अधिकारियों का अंदेशा है कि टैक्स में हेराफेरी कर कंपनी मालिक और निदेशकों ने दूसरी जगह पैसा लगाया है। इससे सरकार को करोड़ाें रुपये नुकसान हुआ है।