अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। खेड़ी गुजरान कॉलेज में नशे के प्रति जागरुकता के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें डीसीपी एनआईटी अमित यशवर्धन ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से बचने के लिए जागरुक किया।
डीसीपी एनआईटी अमित यशवर्धन ने बताया कि एसीपी एनआईटी को इस अभियान का नोडल अधिकारी नियुक्त करके उन्हें नशा तस्करों पर अंकुश लगाने और विभिन्न स्कूल कॉलेज व सार्वजनिक स्थान पर जाकर अधिक से अधिक छात्रों जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। महिला थाना एनआईटी प्रभारी को अभियान का कोआर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा नशा मुक्ति अभियान के तहत छात्रों को लगातार जागरूक किया जा रहा है और अलग-अलग पुलिस टीम विभिन्न स्कूल कॉलेज में पहुंचकर विद्यार्थियों को इसके बारे में अहम जानकारियां प्रदान कर रही हैं। इसी के तहत वह खेड़ी गुजरान कॉलेज में पहुंचे। जहां पर कॉलेज प्रशासन ने उनका भव्य स्वागत किया और छात्रों को नशा मुक्ति के बारे में जानकारी देने के लिए मंच पर आमंत्रित किया। पुलिस उपायुक्त ने विद्यार्थियों को नशा मुक्ति के बारे में विशेष जानकारी देते हुए बताया कि युवावस्था में कई बार गलत संगत में पड़ जाने की वजह से कुछ नवयुवक कम उम्र में ही नशे के शिकार हो जाते हैं और शराब या धूम्रपान करना शुरू कर देते हैं और धीरे-धीरे यह उनकी आदत में शुमार हो जाता है। इसके बाद आगे चलते-चलते नशे की मात्रा बढ़ने लगती है और वह कई बार ओर भी गंभीर मादक पदार्थ जैसे गांजा अफीम चरस जैसे नशीले पदार्थों का शिकार हो जाता है। जिसे जागरुकता के माध्यम से ही रोका जा सकता है।