- गुलेल का इस्तेमाल कर कार के शीशे को तोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। तिगांव सदपुरा रोड स्थित फार्म हाउस के बाहर कार का शीशा गुलेल से तोड़कर स्कूटी सवार बैग चोरी करके ले गया। आरोपी ने मात्र तीन सेकेंड में वारदात को अंजाम दिया। बैग में डेढ़ लाख रुपये व जरूरी दस्तावेज थे। थाना तिगांव पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
गांव महमूदपुर निवासी हरिन्द ने बताया कि वह 12 अप्रैल की दोपहर एक बजे बैंक से तिगांव सदपुरा रोड पर भाई के फार्म हाउस पर मिलने के लिए आया था। उनकी ब्रेजा कार फार्म हाउस के बाहर खड़ी थी। उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद बाहर आया तो कार के साइड का पीछे वाला शीशा टूटा हुआ मिला। गाड़ी के अन्दर एक बैग रखा हुआ था, जिसमें 1.50 लाख रुपये, चार एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड, एक आधार कार्ड आदि जरूरी दस्तावेज चोरी हो गए। चोरी की घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई।
घटना से पहले की रेकी
आरोपी स्कूटी से आया था। जिसने घटना को अंजाम देने से पहले उनका पीछा किया और फार्म हाऊस के बाहर गाड़ी खड़ी करने के बाद रेकी की। दो से तीन बार गाड़ी के आसपास चक्कर लगाने के बाद घटना को अंजाम दिया। रेकी के दौरान आरोपी स्कूटी चालक फोन पर बात कर रहा था। आरोपी इलेक्ट्रिक स्कूटी से आया था। आरोपी ने सिर पर काले रंग का हेलमेट भी लगाया हुआ था। रेकी के दौरान फोन पर बात करते हुए आरोपी ने हेलमेट को उतारा था, लेकिन घटना को अंजाम देने के दौरान हेलमेट को नहीं उतारा।
तीन सेकेंड में दिया घटना को अंजाम
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार आरोपी ने घटना को अंजाम मात्र 3 सेकेंड में दिया। पहले आरोपी ने अपनी स्कूटी को खड़ा किया। उसके बाद जेब से गुलेल से शीशे पर वार किया। जिससे शीशा एक टूट गया और वह बैग लेकर फरार हो गया। पीड़ित हरिन्द ने बताया कि कुछ देर बाद आरोपी की चार गाड़ियों से तलाश की गई लेकिन नहीं मिला।