- ग्रीन एक्सप्रेसव में मोहना क्षेत्र पर कट बनाने की मांग पर धरने पर बैठे किसान
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश टिकैत ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि किसानों की मांगें नहीं मानी गईं तो चार माह के बाद बड़ा जनआंदोलन होगा। उन्होंने कहा कि टिकैत ने कहा कि सरकार की मंशा है कि खाप पंचायतों को तोड़ा जाए। खाप पंचायतें एक दूसरे के खिलाफ बयानबाजी करें और सरकारी खाप पंचायतें रहे। उन्होंने किसानों को आह्वान किया कि इसलिए सभी को एकजुटता से कार्य करना है।
किसानों से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा का तेजी से शहरीकरण हुआ है, किसानों की जमीनें सरकार अधिग्रहण कर रही है। किसान चाहे कुछ भी कारोबार कर ले, जो जमीन चली गई तो वह उस जमीन को दोबारा नहीं खरीद सकता। इसलिए जब तक जमीन बची है, उसे बचाकर रखो। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विश्व में संघर्ष होंगे, राजनीतिक पार्टियां खत्म हो जाएगी, केवल खाप पंचायत और गांव बचेंगे और उन्हें ही लड़ाई लड़नी पड़ेगी।
एक्सप्रेस-वे पर मोहना पर कट दिए जाने की किसान मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मांग जायज है। इस मांग को सरकार को मानना पड़ेगा। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि चार माह में यदि किसानों की मांग मानकर कट नहीं दिया गया तो यहां बड़ा आंदोलन होगा। वह जल्द ही आंदोलन की रूपरेखा बनाएंगे। इस आंदोलन को विकराल रूप दिया जाएगा। ग्रीन एक्सप्रेसवे पर मोहना पर कट दिए जाने की मांग को लेकर किसान कई दिनों से प्रदर्शन व धरने पर बैठे हुूए हैं। इन्हीं किसानों से मिलने के लिए राकेश टिकैत यहां पहुंचे थे।
राकेश टिकैत बुधवार को सुरेंद्र तेवतिया के सेक्टर-3 स्थित कार्यालय पर भी आए थे। हरियाणा की बात हो या फिर यूपी की सभी की रिश्तेदारियां है और सभी का खान-पान रहन-सहन एक है, ऐसे में सभी आंदेालन में हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर तेवतिया पाल के प्रधान चौधरी विजेंद्र सिंह तेवतिया, सुरेंद्र तेवतिया, चौधरी रणजीत सिंह बारहों के प्रतिनिधि ,राजवीर सिंह तेवतिया ,कृष्ण पाल तेवतिया ,जगदीश चौधरी ,राजगीर गहलोत ,ओम प्रकाश धनखड़, हरबीर चौधरी ,धर्मबीर आदि मौजूद रहे।