आईएमटी क्षेत्र में हुआ हादसा, तीनों घर जाने के लिए निकले थे
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। आईएमटी क्षेत्र में सोमवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे ट्रक की टक्कर से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तीनों लोग पैदल ऑटो स्टैंड की तरफ जा रहे थे। टीकमगढ़ मध्य प्रदेश के निवासी काशीराम (44) अपनी पत्नी अंगूरी (39) और 16 वर्षीय बेटे विशाल के साथ आईएमटी क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर मजदूरी करते थे। काशीराम के साले घनश्याम ने बताया कि तीनों गांव जाने के लिए निकले थे। घनश्याम तीनों को ऑटो स्टैंड तक छोड़ने जा रहे थे। जब वह हाईवे की तरफ पहुंचे, तभी पीछे से आए ट्रक ने काशीराम, उनकी पत्नी और बेटे को टक्कर मार दी। हादसे में काशीराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने के बाद उन दोनों ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश जारी है।