आठ फुट छोटा है फुटबॉल मैदान
सेक्टर-12 फुटबॉल मैदान पर हॉकी का सिंथेटिक ट्रैक बनने से फुटबॉल मैदान अंतरराष्ट्रीय मापदंड से करीब आठ फुट चौड़ाई में छोटा हो गया है। जिसके कारण यहां पिछले चार-पांच साल से जिला स्तरीय फुटबॉल का मुकाबला नहीं हो सका है। यहां नाहर सिंह स्टेडियम और सेक्टर 12 खेल परिसर में अंतरराष्ट्रीय माप दंड के दो फुटबॉल मैदान थे।
सेक्टर 12 खेल परिसर में जिला प्रशासन की ओर से 15 अगस्त और 26 जनवरी के कार्यक्रम के लिए फुटबॉल मैदान के पास ही स्टेज बना दिया गया है। वहीं, दूसरी तरफ विभाग की ओर से हॉकी खिलाड़ियों का सिंथेटिक मैदान है। इस कारण फुटबॉल के मैदान की चौड़ाई करीब आठ फुट छोटी हो गई थी। कनिष्ठ और वरिष्ठ आयुवर्ग के मुकाबले के लिए फुटबॉल का मैदान न्यूनतम 110 मीटर लंबा और 75 मीटर चौड़ा होना चाहिए।
इसके बाद दोनों साइड न्यूनतम 10-10 फीसदी जगह खाली होनी चाहिए। इससे खिलाड़ियों को मैच के दौरान दिक्कत न हो। वहीं, नाहर सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बनने के कारण मैदान छोटा हो गया है, जिससे यहां भी मुकाबले नहीं हो पाते हैं।
जिले में दो फुटबॉल कोच है तैनात
जिले में फुटबाॅल की नई पौध तैनात करने के लिए दो कोच तैनात है। इनमें से एक सेक्टर 12 खेल परिसर में प्रशिक्षण देते है, जबकि दूसरा नाहर सिंह स्टेडियम में। सुविधाओं के अभाव में युवा खिलाड़ियों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। एक कोच ने नाम नहीं छापने के शर्त पर बताया कि यहां दो सौ से अधिक खिलाड़ी अभ्यास के लिए आते थे, अब यह संख्या घटकर 60 के करीब रहा गया है।
जल्द तैयार होगा फुटबॉल मैदान
फुटबॉल का मैदान जल्द बनकर तैयार हो जाएगा। इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई है। नाहर सिंह स्टेडियम में टूर्नामेंट आयोजित हो सकता है, लेकिन वहां लोगों के बैठने की जगह नहीं है। स्टेडियम बनने के बाद आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। देवेंद्र सिंह गुलिया, जिला खेल अधिकारी