फरीदाबाद। नीलम बाटा रोड स्थित एक निजी अस्पताल ने फेफड़ों की गंभीर और अंतिम चरण की बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए लंग फेलियर क्लीनिक की शुरुआत की है। अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि यह जिले में अपनी तरह की पहली विशेष सुविधा है। क्लीनिक में एडवांस लंग फेलियर, फेफड़ा प्रत्यारोपण (लंग ट्रांसप्लांट) के लिए मूल्यांकन, प्री और पोस्ट ट्रांसप्लांट परामर्श, पल्मोनरी रीहैबिलिटेशन तथा मल्टी-डिसिप्लिनरी फॉलो-अप केयर उपलब्ध कराई जाएगी। यहां मरीजों की विस्तृत जांच, दवा उपचार का मूल्यांकन, एडवांस पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट, ब्रोंकोस्कोपी, इंटरवेंशनल पल्मोनोलॉजी, पोषण संबंधी परामर्श, नींद संबंधी जांच और नॉन-इनवेसिव वेंटिलेशन सपोर्ट जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। विशेषज्ञ चिकित्सकों, ट्रांसप्लांट विशेषज्ञों, फिजियोथेरेपिस्ट और अन्य स्वास्थ्य विशेषज्ञों की संयुक्त टीम मरीजों का उपचार करेगी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य गंभीर श्वसन रोगियों को एक ही स्थान पर समग्र और निरंतर उपचार उपलब्ध कराकर उनकी जीवन गुणवत्ता में सुधार लाना है। संवाद