फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: फरीदाबाद-गुरुग्राम मेट्रो और एफएनजी योजना पूरी करने की आस

विज्ञापन
विज्ञापन
फरीदाबाद। फरीदाबाद-गुरुग्राम मेट्रो और फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद (एफएनजी) जैसी परियोजनाओं की राह तक रहे शहरवासियों की निगाह अब बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार के बजट पर टिकी हुई है। मेट्रो परियोजना करीब दस वर्ष और एफएनजी 15 वर्ष से अधिक पुरानी है। इसके बावजूद अब तक दोनों ही परियोजनाएं फाइलों से बाहर परवान नहीं चढ़ पाई हैं। दोनों परियोजनाएं पूरी हों तो शहरवासियों के साथ गुरुग्राम और नोएडा-गाजियाबाद के लिए भी लाइफलाइन साबित होंगी। वर्षों से लंबित अपनी दो बड़ी परियोजनाओं को शहरवासियों को आस है। इनमें से फरीदाबाद-गुरुग्राम मेट्रो परियोजना तो केंद्र सरकार की परियोजना है।
विज्ञापन

सबसे पहले सीएम मनोहर लाल ने साल 2014 में ट्विटर पर फरीदाबाद से गुरुग्राम तक मेट्रो सेवा शुरू करने की बात कही थी। उन्होंने 2015 में इसकी औपचारिक घोषणा की थी। वर्ष 2018 में स्थानीय सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) लेकर मीडिया से रू-ब-रू हुए थे। दावा था कि वर्ष 2021 तक मेट्रो सेवा शुरू कर दी जाएगी। हालांकि, अब इसके बारे में केंद्र या राज्य सरकार की ओर से भी कोई बात नहीं कर रहा है। ऐसे में अब केवल केंद्र सरकार से आस है।
दूसरी तरफ, फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद परियोजना (एफएनजी) के बारे में वर्ष 2010 में घोषणा हुई थी। इसके बाद प्रदेश में दो सरकारें बदल गईं लेकिन यह फाइलों में ही दबकर रह गई है। अब तक इसकी दो बार डीपीआर तैयार की जा चुकी है। डीपीआर में 600 करोड़ रुपये की योजना है।
विज्ञापन

ग्रेटर फरीदाबाद स्थित अमृता अस्पताल के पास यह रोड नोएडा के सेक्टर-150 में जाकर एक छह लेन के पुल से जोड़ी जानी थी। इसके बाद नोएडा से गाजियाबाद तक यह रोड सीधे कनेक्ट करनी है। हालांकि, योजना भी मेट्रो परियोजना की तरह सिरे ही नहीं चढ़ी है। बाद में यह बात भी चली थी कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण इस योजना को अपना ले लेकिन एनएचएआई ने इसे नहीं अपनाया। अब फरीदाबादवासियों को बजट से आस है कि केंद्र सरकार इस योजना को गोद लेकर पूरी कराए तो लाखों लोगों का भला होगा।


-
फरीदाबाद से गुरुग्राम तक 32.14 किमी चलनी थी मेट्रो
साल 2019 में जारी डीपीआर में 12 मेट्रो स्टेशन बनाए जाने थे। इसकी अनुमानित लागत 5900 करोड़ थी। फरीदाबाद से गुरुग्राम मेट्रो रूट की लंबाई 32.14 किलोमीटर प्रस्तावित की गई थी।

लाखों लोग रोजाना गुरुग्राम सफर करते हैं
फरीदाबाद व गुरुग्राम से रोजाना लाखों लोग आते-जाते हैं। बंधवाड़ी के पास बने टोल प्लाजा पर रोजाना 50 हजार वाहन अप-डाउन करते हैं। बल्लभगढ़ व फरीदाबाद बस अड्डे से रोजाना 25 बसाें सहित बड़ी संख्या में निजी बसें गुरुग्राम आती-जाती हैं। दूसरी तरफ, नाेएडा और गाजियाबाद से भी फरीदाबाद एक लाख से अधिक वाहन चालक आते-जातें हैं। ऐसे में मेट्रो और एफएनजी परियोजनाओं से लाखों लोगों को राहत मिलेगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें