- विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिला के स्कूल दो दिन रहेंगे बंद: डीसी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आगामी 4 व 5 अक्टूबर को सभी विद्यालयों का अवकाश घोषित किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि जिले में 5 अक्तूबर को विधानसभा चुनाव की वोटिंग होगी। चुनाव प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए जिले में दो दिन सभी राजकीय, गैर राजकीय, निजी स्कूल के अवकाश रखने के निर्देश जारी किए हैं।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान कई शिक्षण संस्थानों को मतदान केंद्र के रूप में उपयोग किया जाएगा। जिसके चलते विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए दो दिनों का अवकाश रखा गया है। सभी स्कूल प्रशासन को इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं कि 4 और 5 अक्तूबर को कोई भी कक्षा न लगाई जाए और सभी स्कूल पूरी तरह से बंद रहें। सभी स्कूल संचालकों और प्रधानाचार्यों से अनुरोध किया है कि वे इस निर्णय का पालन सुनिश्चित करें ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की रुकावट न हो और सभी गतिविधियां निर्धारित समय के अनुसार सम्पन्न हो सकें।
जिले में चुनाव के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं और इस बार के विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण रूप से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। गौरतलब है कि जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं ताकि जिले के मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। इस संदर्भ में जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित करने से चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा की संभावना कम हो गई है और चुनाव अधिकारी इसके प्रति पूर्णतः सजग हैं।