क्राइम ब्रांच टीम ने अवैध हथियार रखने व बेचने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से एक पिस्तौल बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। होडल क्राइम ब्रांच प्रभारी रविंद्र कुमार के अनुसार 17 नवंबर को पुलिस टीम ने पुन्हाना रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास से आरोपी श्याम सुंदर निवासी होडल को एक पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी बरामद हथियार का कोई लाइसेंस पेश नहीं कर सका। उससे पूछताछ के बाद हथियार बेचने वाले दूसरे आरोपी गदूस मोहल्ला, होडल निवासी वीरेंद्र उर्फ विरू को भी गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि वीरेंद्र उर्फ विरू के खिलाफ करनाल व होडल में लूट के दो मामले तथा एक शराब तस्करी सहित कुल तीन केस दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी श्याम सुंदर के खिलाफ एक केस दर्ज है।