लिंग जांच गिरोह पर स्वास्थ्य विभाग की नजर संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। लिंग जांच करने वाले गिरोह पर स्वास्थ्य विभाग की टीम नजर बनाए हुए है। टीमें ऐसे लोगों पर नजर रख रही हैं जो दूसरे राज्यों में लिंग जांच कराते हैं। बुधवार को भी जिला स्वास्थ्य विभाग और यमुना नगर की टीम ने मेरठ के सकौती गांव में अवैध रूप से चल रहे लिंग जांच का पर्दाफाश किया था।
फरीदाबाद पीएनडीटी नोडल डॉ. मान सिंह ने बताया कि स्थानीय लोग लिंग जांच दूसरे राज्यों में करा रहे हैं। इसमें यूपी के अलावा मध्य प्रदेश भी शामिल है। उनका कहना है कि ऐसे लोगों पर नजर रखी जा रही है। मान सिंह ने बताया कि बुधवार को टीम एक गर्भवती महिला को साथ लेकर यूपी गई थी। सेंटर पर उक्त महिला से गांव पीरपुर निवासी झोलाछाप कुलदीप ने 45 हजार में लिंग परीक्षण का सौदा किया था। लिंग परीक्षण करते समय कुलदीप को शक हो गया और वह मौके से फरार हो गया । इस दौरान दो दलाल महिलाओं को पकड़ लिया गया। आरोपी महिलाओं से बीस हजार रुपये बरामद किए गए। शेष राशि कुलदीप लेकर फरार हो गया। कार्रवाई के दौरान यमुनानगर की टीम के डॉ. संगीता और विपिन मौजूद थे।