फरीदाबाद। सेक्टर-58 थाना क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी के शौचालय में बुजुर्ग कर्मचारी ने शुक्रवार को फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान गांव मोहना निवासी कालीचरण के रूप में हुई है। उनकी जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने संपत्ति विवाद के चलते तीन लोगों द्वारा प्रताड़ित करने की बात लिखी है। पुलिस ने सुसाइड नोट और कालीचरण के बेटे पवन के बयान पर तीनों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया है। पवन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता ने सुसाइड नोट में जगदीश, नरेश और उदयवीर द्वारा प्रताड़ित करने की बात कही है। उनके चाचा रमेश की कुछ साल पहले मृत्यु हो गई थी। उनकी जमीन को लेकर गांव ताजनगर निवासी पवन कुमार के साथ विवाद चल रहा है, जिसकी पैरवी उनके पिता कर रहे थे। आरोपी जगदीश, नरेश और उदयवीर इस मामले में ताजनगर निवासी पवन कुमार की मदद करते थे। वे कालीचरण पर तरह-तरह से दबाव डालकर प्रताड़ित कर रहे थे। सेक्टर-58 थाना प्रभारी भीम सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। फॉरेंसिक लैब में सुसाइड नोट की लिखावट का मिलान कराया जाएगा। आरोपी अभी फरार हैं। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ब्यूरो