धार्मिक संस्थाओं की ओर से जगह-जगह भंडारों का किया गया आयोजन
शहरभर के मंदिरों में सुंदरकांड और हनुमान चालीसा के पाठ आयोजित किए गए।
फरीदाबाद। शहर में हनुमान जन्मोत्सव बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहरभर के मंदिरों में सुंदरकांड और हनुमान चालीसा के पाठ आयोजित किए गए। इस दौरान भक्तों में काफी उत्साह देखने को मिला। विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं की ओर से जगह-जगह भंडारों का आयोजन भी किया गया। सेक्टर-11 स्थित गंगेश्वर महादेव मंदिर में महिला कीर्तन मंडल की ओर से सामूहिक सुंदरकांड पाठ आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक धनेश अदलखा मुख्य अतिथि और महापौर प्रवीण जोशी विशिष्ट अतिथि रहीं। एनआईटी-3 एच ब्लॉक स्थित हनुमान मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें छोटे-छोटे बच्चों ने हनुमान रूप धारण कर आकर्षण बढ़ाया। शोभायात्रा में भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और वानर सेना की झांकियां प्रस्तुत की गईं। ओल्ड फरीदाबाद स्थित महावीर मंदिर में श्री महावीर मंदिर सेवा समिति ट्रस्ट की ओर से जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, महापौर प्रवीण जोशी, पार्षद शेफाली सिंगला सहित कई गणमान्य लोगों ने हनुमान जी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। सूरजकुंड मार्ग स्थित श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम सिद्धदाता आश्रम में पुरुषोत्तमाचार्य महाराज के सान्निध्य में विद्यार्थियों व आचार्यों की ओर से हनुमान जी का अभिषेक किया गया। मार्केट नंबर-1 स्थित सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। वहीं कैली गांव के कैली धाम संकट मोचन हनुमान मंडल और सेक्टर-88 में भी धार्मिक आयोजन हुए। संवाद